तड़ौन में वॉलीबाल प्रतियोगिता में मौजूद खिलाड़ी। स्रोत: आयोजक
राजकीय उच्च पाठशाला तड़ौन में प्रतियोगिता का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। राजकीय उच्च पाठशाला तड़ौन में रविवार को एक दिवसीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन ग्राम पंचायत तड़ौन की प्रधान माया राव ने किया। इस अवसर पर पंचायत उपप्रधान धर्मेंद्र कुमार और स्कूल के मुख्याध्यापक संजय राव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में क्षेत्र की 13 टीमों ने भाग लिया। शुभारंभ से पहले खिलाड़ियों ने मुख्यातिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। मुख्याध्यापक संजय राव ने प्रधान माया राव का खिलाड़ियों से परिचय करवाया।
प्रधान माया राव ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने तथा समाज को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ भी दिलाई।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला ग्राम पंचायत तड़ौन और पट्टा की टीमों के बीच खेला गया। इसमें तड़ौन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पट्टा को 2-0 से पराजित कर जीत दर्ज की।