अस्पताल में ऑपरेशन सुविधा शुरू होने से तीन विस क्षेत्र को होगा लाभ
दोनों ऑपरेशन जटिल होने के बाद भी टीम सुरक्षित प्रसव कराने में रही सफल
मंत्री धर्माणी ने चिकित्सकों की टीम को दी बधाई
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं सिविल अस्पताल में मंगलवार को पहली बार दो जटिल सिजेरियन प्रसव (सी-सेक्शन) सफलतापूर्वक किए गए। महिलाएं और नवजात शिशु पूरी तरह स्वस्थ हैं। खास बात यह है कि घुमारवीं अस्पताल में इस स्वास्थ्य सुविधा से झंडूता, सदर और घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं को लाभ मिलेगा।
घुमारवीं सिविल अस्पताल में यह उपलब्धि डॉ. अनुपम शर्मा, डॉ. अभिनव गौतम, एनेस्थीसिया डॉ. दीपक, तकनीकी स्टाफ उमेश, पूजा, अंकुश और वार्ड स्टाफ सीता व रमा की उत्कृष्ट टीमवर्क का परिणाम है। बीएमओ डॉ. अनुपम शर्मा ने बताया कि दोनों मामलों में से एक महिला टकरेड़ा की है, जो 19 वर्ष बाद गर्भवती हुई, जबकि दूसरी महिला जोल-कुठेड़ा की निवासी है और उनके पेट में रसौली पाई गई थी, जिससे उनका प्रसव अत्यधिक जटिल था। बीएमओ ने कहा कि इस महत्वपूर्ण ऑपरेशन के लिए आवश्यक आधुनिक उपकरण मंत्री राजेश धर्माणी के सहयोग से मोर्टल लैबोरेट्रीज की ओर से अस्पताल को उपलब्ध कराए गए, जिससे चिकित्सा दल को बड़ी सहायता मिली।
आने वाले समय में घुमारवीं और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए अस्पताल में और अधिक उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में अस्पताल प्रशासन और सरकार काम कर रहे हैं। मंत्री राजेश धर्माणी ने चिकित्सा दल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि घुमारवीं सिविल अस्पताल में पहली बार जटिल सिजेरियन प्रसव सफल होना, प्रदेश सरकार की दूरदर्शी सोच का प्रमाण है। हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं घरद्वार पर ही मिलें और जटिल मामलों के लिए बड़े अस्पतालों की ओर जाने की मजबूरी समाप्त हो। यह प्रयास आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवाओं के नए आयाम स्थापित करेगा। बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश सरकार आदर्श स्वास्थ्य संस्थान योजना के तहत प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त अस्पताल विकसित कर रही है। इसके पहले चरण में 34 अस्पतालों को प्राथमिकता दी गई है।