क्षेत्रीय अस्पताल का है मामला, ऑपरेशन के लिए तैयार कर दिए थे मरीज
चिकित्सक पर मना करने का आरोप, निजी क्लीनिक में करवाया ऑपरेशन
15 दिन पहले मरीजों को दिया गया था समय, होना था हर्निया का ऑपरेशन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल फिर एक बार ऑपरेशन मामले में सुर्खियों में आ गया है। आरोप है कि चिकित्सक ने हर्निया ऑपरेशन करने से बुजुर्ग को मना कर दिया। इसके बाद परिजनों ने इसका विरोध कर दिया। वहीं, बुजुर्ग का ऑपरेशन भी निजी क्लीनिक में करवा दिया। हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने आपात स्थिति के ऑपरेशन आने के कारण इसे टालने की बात कही। अस्पताल में तीन ऑपरेशन को सर्जन चिकित्सक ने टाल दिया। बताया जा रहा है कि मरीज को 15 दिन पहले ऑपरेशन की डेट दी थी। साथ ही मरीज डेट के मुताबिक अस्पताल में भर्ती हो गया और शुक्रवार को खाना तक नहीं खाया था। जैसे ही मरीज के ऑपरेशन की बारी आई तो ऐन मौके पर चिकित्सक ने इंकार कर दिया।
हुआ यूं कि क्षेत्रीय अस्पताल में शुक्रवार को ऑपरेशन के लिए अस्पताल में समय दिया गया। इसके लिए पांच मरीजों को ऑपरेशन के लिए बुलाया गया। दो ऑपरेशन करने के बाद तीसरे मरीज को ऑपरेशन के लिए तैयार किया गया। साथ ही मरीज को दवाएं और ड्रेस तक पहना दी और ऑपरेशन थियेटर में ले गए। लेकिन ऑपरेशन नहीं किया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान अस्पताल में आपातस्थिति में सिजेरियन का मामला आया तो तुरंत ऑपरेशन को आगामी दिनों तक स्थगित कर दिया। हालांकि इस दौरान इन लोगों को ऑपरेशन की अगली तिथि नहीं दी गई और मरीजों को बिना ऑपरेशन करवाए लाैटना पड़ा। इस दौरान एक मरीज जिसे ऑपरेशन थियेटर में हर्निया के ऑपरेशन के लिए ले गए उसके परिवार वालों ने विरोध कर दिया।
इनसेट
मरीज का यह है आरोप
देवरत्न शर्मा का कहना है कि उनके हर्निया का ऑपरेशन होना है। 70 वर्ष की उम्र में वह अस्पताल में वीरवार को भर्ती हुए। शुक्रवार को ऑपरेशन होने के कारण उन्होंने खाना तक नहीं खाया। साथ ही उन्हें ऑपरेशन करवाने के लिए तैयार होने के लिए कह दिया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन करवाने से पहले चिकित्सक ने उन्हें मना कर दिया और यह तक लिखवा दिया कि वह बाहर अपनी मर्जी से ऑपरेशन करवाएंगे। ऐसे में अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री को मामले में संज्ञान लेने का आग्रह किया है।
इनसेट
शुक्रवार को दो ऑपरेशन हुए हैं। आपातस्थिति में ऑपरेशन आने के कारण मरीजों को मना किया गया था। मरीज को आगामी दिनों में फिर से डेट देनी थी।
-डॉ. संदीप जैन
चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन