सीर उत्सव के उपलक्ष्य पर घर-द्वार मिलेगा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। सीर उत्सव घुमारवीं इस बार भी सामाजिक, सांस्कृतिक और स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों के साथ हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। इस उपलक्ष्य पर 3 अक्तूबर को सिविल अस्पताल घुमारवीं में सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा।
एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी ने बताया कि इस शिविर में चमियाना अस्पताल से प्रधानाचार्य डॉ. बृज शर्मा (गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट) विशेष रूप से सेवाएं देंगे। साथ ही हड्डी रोग विशेषज्ञ, हृदय रोग विशेषज्ञ और घुमारवीं अस्पताल के सभी स्पेशलिस्ट डॉक्टर भी मरीजों की जांच और परामर्श उपलब्ध करवाएंगे। यह शिविर पूरी तरह निशुल्क होगा और इसका उद्देश्य लोगों को घर-द्वार पर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। गौरव चौधरी ने यह भी बताया कि 2 अक्तूबर को महात्मा गांधी जयंती के उपलक्ष्य में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में इस शिविर में भाग लेकर रक्तदान करें। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक चल रहा स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान भी क्षेत्र में उत्साहपूर्वक संचालित हो रहा है। अभियान के तहत महिलाओं और छात्राओं की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। महिलाएं और लड़कियां इस अवसर का लाभ अवश्य उठाएं क्योंकि एक स्वस्थ महिला ही मजबूत परिवार और स्वस्थ समाज की नींव रख सकती है। सीर उत्सव के दौरान इस साल भी स्मारिका का प्रकाशन किया जाएगा। स्मारिका में केवल स्वरचित और मौलिक रचनाएं ही प्रकाशित की जाएंगी। इच्छुक लेखक अपनी रचनाएं 25 सितंबर तक एसडीएम कार्यालय घुमारवीं में जमा करवा सकते हैं या फिर उन्हें व्हाट्सएप नंबर 9418376502 पर भेज सकते हैं।