चट्टान हटाने के बाद सड़क के प्रभावित हिस्से में डंगा लगाने का होगा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं (बिलासपुर)। सुन्हाणी-घुमारवीं वाया बरड़ संपर्क मार्ग पर पहाड़ी से गिरी चट्टानों के कारण तीसरे दिन मंगलवार को भी यातायात पूरी तरह बहाल नहीं हो सका। लोक निर्माण विभाग की मशीनरी अब भी सड़क पर गिरी चट्टानों को हटाने में जुटी हुई है। मंगलवार को विभागीय अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर बहाली कार्य का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया।
बरड़ के समीप रविवार सुबह पहाड़ी से अचानक बड़ी चट्टानें सड़क पर आ गिरी थीं। इसके बाद से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित है। सोमवार को चट्टानें हटाने का काम जारी रहने के बावजूद मार्ग पूरी तरह बहाल नहीं हो पाया था। मंगलवार को भी सड़क से चट्टान हटाने का कार्य जारी रहा। हालांकि, प्रभावित हिस्से में सड़क के किनारे का डंगा भी क्षतिग्रस्त हो गया है, जिसके चलते बड़े वाहनों की आवाजाही बहाल करने में अभी समय लग रहा है। कनिष्ठ अभियंता बरठीं राजेश सहगल ने बताया कि जिस स्थान पर चट्टान गिरी थी, वहां सड़क मार्ग का डंगा भी प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि फिलहाल चट्टान हटाने का काम चल रहा है। इसके बाद प्रभावित हिस्से में डंगा लगाया जाएगा। डंगे का काम पूरा होने के बाद ही सड़क मार्ग को बड़े वाहनों के लिए खोला जाएगा।