बिलासपुर महाविद्यालय में एचपीयू युवा महोत्सव ग्रुप-4 हुआ का शुभारंभ
चार दिवसीय महोत्सव में विद्यार्थी प्ले, स्किट, मीम और मिमिक्री में लेंगे भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय युवा महोत्सव ग्रुप-4 (थियेटर) का शुभारंभ भाषा एवं संस्कृति विभाग के सभागार में हुआ। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने शिरकत की।
युवा महोत्सव का आयोजन 30 नवंबर तक होगा। महोत्सव में भाग लेने के लिए विभिन्न महाविद्यालयों से अब तक 25 टीम अपना पंजीकरण करवा चुकी है जिसमें लगभग 400 विद्यार्थी और उनके साथ 45 कंटीजेंट इंचार्ज शामिल हुए हैं। इसमें हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के तहत आने वाले सभी महाविद्यालय के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। युवा महोत्सव थिएटर के तहत चार आइटम्स प्ले, स्किट, मीम और मिमिक्री की प्रस्तुति दी जाएगी। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के नियमानुसार प्ले के लिए समय सीमा 25-30 मिनट, स्किट आठ से 10 मिनट, मीम 4-5 मिनट और मिमिक्री के लिए समय सीमा 4-5 मिनट दिया जाएगा। प्राचार्य डॉ. पीएस कटवाल ने सभी का स्वागत किया और समस्त महाविद्यालय की तरफ से मुख्यातिथि को शॉल एवं टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने कहा कि उन्हें हमेशा ही महाविद्यालय की किसी भी गतिविधि में आने पर प्रसन्नता का अनुभव होता है क्योंकि वह भी इसी महाविद्यालय के छात्र रहे हैं। मैं यह चाहता हूं कि ऐसा ही एक ऑडिटोरियम महाविद्यालय के पास हो, जिसमें सभी महाविद्यालय की गतिविधियों को करवाया जा सके। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि हमने भी अपने जीवन में अपने से बड़े लोगों से सीखा है और तुम्हें भी अपने से बड़े लोगों के सानिध्य में बैठना चाहिए। सारा ज्ञान किताबों में नहीं मिलता, कुछ हमें हमारे माता-पिता और गुरुजन ही सिखाते हैं। गुरुओं की आवाज में मां सरस्वती का वास होता है इसलिए माता-पिता और गुरुजनों के आशीर्वाद से ही सफलता मिलती है। कार्यक्रम के पहले दिन राजकीय महाविद्यालय आनी (हरिपुर, मनाली), आरकेएमवी शिमला, राजा वीरभद्र सिंह राजकीय महाविद्यालय सीमा (रोहड़ू), डॉ. वाईएसपी पीजी कॉलेज नाहन, राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय चौड़ा मैदान (शिमला-4), राजकीय महाविद्यालय राजगढ़, राजकीय महाविद्यालय बरोटीवाला के विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति दी। इन प्रतियोगिताओं के लिए निर्णायक मंडल में सेवानिवृत्त सीनियर प्रो. डॉ. कमल मनोहर, दक्षा शर्मा और श्री योगराज शर्मा (अधिराज) उपस्थित रहे। ऑब्जर्वर के तौर पर यूनिवर्सिटी के द्वारा नियुक्त किए गए कोटशेरा कॉलेज के प्राचार्य गोपाल चौहान भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर पीटीए श्री नईम मोहम्मद, सुशील पुंडीर, मीडिया पर्सन आदि मौजूद रहे।