देश भक्ति गीत भारत, यादों की बारात, गुग्गा जाहरवीर की गाथा पर बच्चों ने दी प्रस्तुति
नशा युवाओं के भविष्य को खत्म कर देता है, इससे दूरी बनाकर रखें : बंबर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हरनोड़ा में क्लस्टर स्तरीय वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सदर के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। प्रधानाचार्य जगदीश सिंह ने मुख्यातिथि को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद बच्चों ने राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत कर समारोह को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाया। समारोह में बच्चों ने आकर्षक व विविधतापूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें पहाड़ी नाटियां, पंजाबी गिद्दा, देशभक्ति गीत भारत,यादों की बारात, गुग्गा जाहरवीर की गाथा, बेटी बचाओ और ऑपरेशन सिंदूर जैसी प्रेरक स्किट शामिल रहीं। प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। इसके पश्चात प्रधानाचार्य जगदीश सिंह ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। मुख्यातिथि ने अपने संबोधन में कहा कि हर बच्चा खास है, हर किसी में कोई-न-कोई प्रतिभा छिपी होती है। गलतियों से सीख कर आगे बढ़ना ही असली सफलता है। उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को खत्म कर देता है, इसलिए इससे दूरी बनाकर रखें। कहा कि मुख्यमंत्री जल्द ही बिलासपुर आ रहे हैं, और जनता की मांग के अनुरूप हरनोड़ा विद्यालय में साइंस स्ट्रीम शुरू करवाने के संबंध में बात रखी जाएगी।
पूर्व विधायक ने बच्चों से शिक्षकों व माता-पिता का सम्मान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि माता-पिता और शिक्षक ही जीवन की असली नींव हैं। यदि वे डांटते हैं तो वह डांट नहीं, बल्कि भविष्य संवारने का प्रयास होता है। समारोह के दौरान विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक तथा खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन राजनीतिक विज्ञान की प्रवक्ता ममता ठाकुर ने संभाला।