चिल्ड्रन पब्लिक हाई स्कूल में वार्षिक समारोह आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। चिल्ड्रन पब्लिक हाई स्कूल बरठीं में वार्षिक पारितोषिक समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व महासचिव विवेक कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
कार्यक्रम में बच्चों ने नाटी, एकलगान, समूहगान, बिलासपुरी गिद्दा, पंजाबी डांस सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जीवन को उच्च आदर्शों की कसौटी पर उत्कृष्टता से उतारने का संदेश भी दिया। मुख्यातिथि ने शिक्षा, खेल सहित अन्य गतिविधियों के मेधावियों को सम्मानित किया। उन्होंने स्कूल के एक पूर्व छात्र अक्षत सहगल के इंडिया एयरफोर्स में फ्लाइंग ऑफिसर बनने पर भी बधाई दी। उन्होंने बच्चों को 11 हजार रुपये दिए। मुख्यातिथि ने आज के प्रतिस्पर्धा पूर्ण दौर में जीवन में आगे बढऩे की बात पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वार्षिक पारितोषिक समारोह किसी भी स्कूल का आईना होता है। उन्होंने कहा कि बच्चों में टैलेंट होता है जिसे निखारना अध्यापकों और अभिभावकों का जिम्मा होता है।
पाठशाला के उप मुख्याध्यापक मुकेश राठौर ने वर्ष भर हुई गतिविधियों का ब्योरा पेश किया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए स्कूल प्रबंधन, अध्यापकों, अभिभावकों के साथ बच्चों को बधाई दी। इस अवसर पर समाजसेवी एवं दी मलारी कोआपरेटिव सहकारी सभा प्रधान राजकुमार कौशल, उपप्रधान विजय कौशल, पूर्व प्रधानाचार्य सोहन लाल सहगल, वासुदेव गौतम, असरफ मोहम्मद, नीरू गौतम, राज कुमार, पूनम, राकेश मेहता, एमडी विनोद गौतम आदि उपस्थित रहे।