डंगार कॉलेज में प्रतियोगिताओं का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। राजकीय संस्कृत महाविद्यालय डंगार में विविध सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान वेद मंत्र उच्चारण, श्लोक उच्चारण, गीतिका, सूत्र अन्त्याक्षरी, संस्कृत सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी, लोकगीत तथा भजन गायन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति रुचि जागृत करना, सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण करना तथा उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। प्राचार्य डॉ. संदीप शर्मा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उनकी भाषा, उच्चारण और प्रस्तुति क्षमता को निखारने का अवसर देते हैं। उन्होंने बताया कि सभी निर्णायकों द्वारा उचित मानदंडों के आधार पर परिणाम तैयार किए जाएंगे और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आगामी वर्षोत्सव में सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में आचार्य डॉ. रोशन लाल शर्मा, डॉ. सन्नी कुमार, आचार्य प्रकाश चंद्र गौतम, आचार्य राजेंद्र प्रसाद, वेद प्रकाश, योगेश कुमार, ज्योति प्रसाद सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।