लखनपुर में ज्ञान विज्ञान मेले में प्रस्तुति देते बच्चे। स्रोत: आयोजक
संकुल स्तर पर आयोजित मेले में छह विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सरस्वती विद्या मंदिर लखनपुर में मंगलवार को संकुल (कांप्लेक्स) स्तरीय ज्ञान-विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। इसमें लखनपुर के साथ नम्होल, रौड़ा, मेन मार्केट, डियारा और रघुनाथपुरा के विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक विषयों पर आधारित मॉडल और प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों ने अतिथियों और शिक्षकों को अपने मॉडल की कार्यप्रणाली और उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। प्रोजेक्ट में उनकी मेहनत, रचनात्मकता और प्रयोग के माध्यम से सीखने की क्षमता नजर आई। मेले के जरिए विद्यार्थियों ने विज्ञान को केवल किताबों तक सीमित न रखते हुए प्रयोग और दैनिक जीवन से जोड़ने का प्रयास किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या बीना, नम्होल विद्यालय की प्रधानाचार्या धर्मचंद, शिक्षक और संकुल समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों के मॉडल देखे और उनकी प्रतिभा की सराहना की।
समापन अवसर पर स्कूल प्रबंध समिति के अध्यक्ष अशोक शर्मा ने कहा कि विज्ञान मेले विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाओं और विचारों को मॉडल के माध्यम से प्रस्तुत करने का अवसर देते हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों में जिज्ञासा, तर्कशीलता और समस्याओं का समाधान खोजने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में रुचि बनाए रखने तथा समाज की जरूरतों को ध्यान में रखकर नए प्रयोग करने का आह्वान किया।