शिक्षा से परे व्यावहारिक अनुभव,विविधता में एकता का दिया संदेश
छात्रों ने तैयार किए पूरी-सब्जी, दाल भल्ला, छोले-भटूरे, महाराष्ट्र की चिल्ला पकवान
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कठलग में एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। अध्यक्षता प्रधानाचार्य राजेश ठाकुर ने की। उन्होंने बच्चों को सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता का महत्व समझाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शुरुआत दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद विद्यालय के तीनों सदनों के विद्यार्थियों ने अलग-अलग प्रस्तुतियां दीं। खास आकर्षण रही व्यंजन प्रतियोगिता, जिसमें विद्यार्थियों ने भारत के विभिन्न प्रांतों की संस्कृति को दर्शाने वाले व्यंजन तैयार किए। छात्रों द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों में उत्तर भारत की पूरी-सब्जी, तंदू, दाल भल्ला, छोले-भटूरे, महाराष्ट्र की चिल्ला, अप्पा, ओडिसा की रेसिपी, थेचा, गुजरात के ढोकले, हिमाचली धाम, पतरोडू, गुलाब जामुन, मालपुरा, मक्की की रोटी, खीर जैसे पारंपरिक पकवान शामिल थे। विद्यार्थियों ने हर व्यंजन को परोसते समय उसकी सांस्कृतिक पृष्ठभूमि और महत्व भी बताया। इससे न केवल ज्ञान का आदान-प्रदान हुआ, बल्कि बच्चों ने समझा कि भारत की ताकत उसकी सांस्कृतिक विविधता में निहित है। प्रधानाचार्य ने कहा कि एक भारत श्रेष्ठ भारत जैसी पहल विद्यार्थियों को देश की विविधता को समझने और उसका सम्मान करने की प्रेरणा देती हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी। कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यापक वर्ग और अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे। प्रतिभागी विद्यार्थियों में रानी लक्ष्मी वाई सदन से प्रशांत, अक्षिता, कंगना, कृतिका, अंकिता, वैष्णवी, साजिया, रुषिता,नेहरू सदन से रिद्धिमा, कनिका, अनिशा, यशिका, अनामिका, सुनिधि, कृतिका, कनिका, स्वामी विवेकानंद सदन से मोनिका,कनिष्का, अर्पण, साक्षी, प्रियंका, तृषा,जैस्मीन, निखिल शामिल रहे।