राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झंडूता में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में बच्चों को सम्मान
प्रश्नोत्तरी और निबंध प्रतियोगिता में 10-10 प्रतिभागियों का जिला स्तर के लिए चयन
एसडीएम अर्शिया शर्मा ने प्रमाणपत्र देकर किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं (बिलासपुर)। भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झंडूता में विधानसभा स्तरीय प्रश्नोत्तरी और निबंध प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता की दोनों श्रेणियों से जिला स्तरीय मुकाबले के लिए 10-10 प्रतिभागियों का चयन किया गया।
इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी एवं 46-झंडूता विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अर्शिया शर्मा ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए जागरूक और जिम्मेदार मतदाताओं का होना जरूरी है। मतदान केवल संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक मतदाता बनने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक को बिना किसी भय, दबाव, भेदभाव और प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।
अर्शिया शर्मा ने कहा कि युवा समाज में मतदाता जागरूकता के संदेशवाहक बनकर दूसरों को भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार जताया। साथ ही जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।