विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी सुन्हाणी का किया भ्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय घंडालवीं की प्राचार्य रीता शर्मा के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा क्लब के विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी सुन्हाणी का भ्रमण किया। भ्रमण में क्लब के समन्वयक डॉ. रविंद्र कुमार और सहायक आचार्य वीरेंद्र शर्मा विद्यार्थियों के साथ रहे।
इस दौरान विद्यार्थियों ने ड्राइविंग लाइसेंस ट्रायल्स की संपूर्ण प्रक्रिया को जाना। विद्यार्थियों ने ड्राइविंग टेस्ट के लिए आवेदन जमा करने संबंधी निर्देश, यातायात के नियम, ड्राइविंग कौशल, लर्नर्स लाइसेंस एवं स्थायी लाइसेंस और ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट संबंधी जानकारियां हासिल कीं। विद्यार्थियों ने दोपहिया और चार पहिया वाहनों द्वारा ड्राइविंग लाइसेंस परीक्षण से जुड़े कौशलों की सूक्ष्म बारीकियों को व्यावहारिक तौर पर देखा और समझा। प्राचार्य रीता शर्मा ने बताया कि इस दौरे का उद्देश्य छात्रों को सुरक्षित, जिम्मेदार ड्राइविंग और सड़कों पर व्यवस्था अनुपालन बनाए रखने के लिए जागरूक करना था।