-घ्याल स्कूल में भूकंप से बचने के लिए विशेष मॉकड्रिल आयोजित
- विद्यार्थियों को बताईं भूकंप के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। राजकीय उच्च विद्यालय घ्याल में भूकंप से बचने के लिए एक विशेष मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इसकी शुरुआत सुबह 11 बजे स्कूल की घंटी बजने के साथ हुई।
कार्यकारी मुख्याध्यापक रमेश शर्मा ने भूकंप की स्थिति की घोषणा की और बच्चों को निर्देश दिए। विद्यार्थी तुरंत अपने-अपने बेंच के नीचे छुप गए और अपने सिर को हाथों से ढक लिया। शिक्षकों ने भी बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उन्हें सही दिशा-निर्देश दिए। यह मॉकड्रिल करीब 5 मिनट तक चली। इसके बाद सभी बच्चे सुरक्षित रूप से खुले मैदान में एकत्रित हुए। विद्यालय आपदा प्रबंधन प्रभारी ललित शर्मा ने बताया कि भूकंप जैसी आपदाओं में घबराहट न दिखाकर संयम बनाए रखना महत्वपूर्ण होता है। यह मॉकड्रिल आपको वास्तविक परिस्थिति में सुरक्षित रहने की तकनीक सिखाने का प्रयास है। भूकंप के दौरान सबसे पहले सुरक्षित स्थान की पहचान करना और जल्दी से वहां पहुंचना अत्यंत महत्वपूर्ण है। आपदाओं से बचने के लिए तैयार रहना और सही समय पर सही कदम उठाना ही हमें सुरक्षित रख सकता है। इस मॉकड्रिल का उद्देश्य बच्चों को भूकंप के दौरान सुरक्षित रहने और त्वरित कार्रवाई करने के तरीकों से अवगत कराना था। इस अवसर पर प्रवीण कुमार, नितिन, अर्चना, परमानंद, सोनू, गीता आदि मौजूद रहे।