राजकीय उच्च विद्यालय ज्योरा स्कूल में देश भक्ति गीतों से देश की एकता अखंडता का संदेश देेते छात्
ज्योरा स्कूल में मनाई सरदार वल्लभ भाई पटेल जयंती
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं( बिलासपुर)। राजकीय उच्च विद्यालय ज्योरा स्कूल प्रबंधन और राष्ट्रीय एकता दिवस समिति के सौजन्य से एक भारत श्रेष्ठ भारत एवं रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुभारंभ मुख्याध्यापक मदन लाल शर्मा ने सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित करके किया और उनके जीवन पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर छात्रों को एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना से अवगत कराया गया। विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने भारत की सांस्कृतिक विविधता, राज्यों की विशेषताएं, लोक भाषाएं, पारंपरिक वेशभूषा और व्यंजनों पर रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। छात्रों ने पोस्टर, भाषण और देशभक्ति गीतों के माध्यम से देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। कार्यक्रम के बाद रन फॉर यूनिटी रैली हुई। इसमें छात्रों, शिक्षकों सहित ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली विद्यालय से प्रारंभ होकर मुख्य सड़क से होते हुए ज्योरा बाजार तक निकाली गई। दौड़ के दौरान विद्यार्थियों ने एकता का संदेश, भारत हमारा देश, विविधता में एकता और भारत की विशेषता जैसे नारे लगाए। मुख्याध्यापक ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की रियासतों को एक धागे में पिरोकर राष्ट्र की एकता को मजबूत किया। हमें भी देश की सांस्कृतिक विविधता का सम्मान करते हुए सदैव राष्ट्रीय एकता को बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए।कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक,कर्मचारी, छात्र-छात्राएं सहित स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहें।