डीएसपी विशाल वर्मा ने चिट्टा और सिंथेटिक ड्रग्स के बढ़ते खतरे से किया सचेत
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। स्वामी विवेकानंद राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं के हेल्थ अवेयरनेस एंड एंटी ड्रग सेल ने एंटी चिट्टा अभियान के तहत नशे के दुष्प्रभाव एवं जागरूकता विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के बढ़ते खतरे, दुष्प्रभावों और उससे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थों, विशेषकर सिंथेटिक ड्रग्स के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में हिमाचल प्रदेश में सिंथेटिक ड्रग्स चिट्टा आदि का प्रचलन तेजी से बढ़ रहा है और यह विभिन्न माध्यमों से प्रदेश तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को इन नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के नशे से जुड़े होने या मादक पदार्थों की तस्करी की जानकारी मिले तो उसकी सूचना निकटतम पुलिस थाना, हेल्पलाइन नंबर और प्रशासन को दें। उन्होंने एनडीपीएस अधिनियम के तहत मादक पदार्थों के अवैध व्यापार, सेवन एवं तस्करी से संबंधित कठोर दंडात्मक प्रावधानों की भी जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने, अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। प्राचार्य डॉ. प्रीतम सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि यदि परिसर या आसपास किसी भी प्रकार की नशे संबंधी गतिविधि की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत कॉलेज प्रशासन अथवा पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने विद्यार्थियों से नशामुक्त हिमाचल के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का भी आग्रह किया। इस अवसर पर हेल्थ अवेयरनेस एंड एंटी ड्रग सेल की प्रो. जीवेश नड्डा, प्रो. पुष्पेंद्र सिंह, डॉ. अंजना कुमारी, प्रो. अरुण कुमार, प्रो. कविता, प्रो. अमरपाल, प्रो. रोहित, प्रो. प्रवीण कुमार, प्रो. राकेश कुमार आदि उपस्थित रहे।