-नगर परिषद पर टाइमिंग में बदलाव की मांग, शहरवासियों में असंतोष
-सड़कों और गलियों में अंधेरा पसरा होने के कारण बाहर निकलना हुआ मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं के तहत शहर में लगाई गई स्ट्रीट लाइटें सुबह 5:00 बजे ही बंद हो जाती हैं। इससे शहरवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सर्दियों के मौसम में इस समय के आसपास धुंध के कारण घना अंधेरा छाया रहता है, जबकि लोग सुबह की सैर के लिए घरों से बाहर निकलते हैं।
सड़कों और गलियों में अंधेरा पसरा होने के कारण बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। इससे लोगों की समस्या बढ़ गई है। शहर के लोगों का कहना है कि नगर परिषद को कई बार इस मुद्दे के बारे में अवगत करवाया गया है कि स्ट्रीट लाइटों को सुबह 7:00 बजे तक चालू रखा जाए, लेकिन नगर परिषद इस मांग को नजरअंदाज कर रहा है और सुबह 5:00 बजे ही लाइटें बंद कर दी जाती हैं। इस वजह से सवेरे ही पूरे शहर में अंधेरा छा जाता है। इससे सुबह की सैर पर निकलने वाली महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर परिषद ने शहर में करीब 8 किलोमीटर के दायरे में 400 से अधिक स्ट्रीट लाइटें लगा रखी हैं, लेकिन इन लाइटों का समय पर बंद न होने से लोगों की समस्याएं बढ़ रही हैं। नगर परिषद के कर्मचारी जल्दी ही लाइटें बंद कर देते हैं। इससे सुबह बाहर निकलने वालों को परेशानी झेलनी पड़ती है। लोगों का कहना है कि परिषद का दावा है कि हर समस्या का समाधान तुरंत किया जाता है, परंतु स्ट्रीट लाइटों की टाइमिंग को लेकर परिषद का यह दावा खोखला साबित हो रहा है।
शहर के लोगों ने बताया कि सुबह के समय सड़कों पर कुत्तों के झुंड और लावारिस पशु घूमते रहते हैं, जो अंधेरे के कारण नजर नहीं आते। यह स्थिति कई बार दुर्घटना का कारण बन सकती है। स्थानीय लोगों की मांग है कि स्ट्रीट लाइटों को 7:00 बजे के बाद ही बंद किया जाए, ताकि सुबह शहर में निकलने वाले लोग अपने को सुरक्षित महसूस कर सकें। शहरवासियों ने नगर परिषद से निवेदन किया है कि इस समस्या का शीघ्र समाधान निकाला जाए, ताकि आम जनता को स्ट्रीट लाइटों का उचित लाभ मिल सके और सुबह की सैर सुरक्षित हो सके।
इनसेट
नगर परिषद अध्यक्ष का आश्वासन
नगर परिषद अध्यक्ष रीता सहगल ने कहा कि मामला हमारे संज्ञान में आ चुका है। स्ट्रीट लाइट बंद करने की वर्तमान टाइमिंग अभी गर्मियों वाली ही है, और यह समय शायद अभी तक बदला नहीं गया है। जल्द ही टाइमिंग में बदलाव किया जाएगा, ताकि सुबह जल्दी शहर में निकलने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।