संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयनादेवी जी(बिलासपुर)। सरकारी चावल की कालाबाजारी के मामले में कोट कहलूर थाना पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने टोबा सोसायटी का स्टॉक सीज कर दिया है। स्टॉक रजिस्टर और पीओएस मशीन को भी कब्जे में लिया गया है।
मामले में पुलिस अब अपने स्तर पर सोसायटी का ऑडिट करवाएगी। मामले में पुलिस पंजीयक सहकारी सभाएं को भी नोटिस जारी कर स्वतंत्र अधिकारी से जांच करवाने को कहा है। पुलिस मामले में संबंधित विभाग के अधिकारियों के मिलीभगत की भी जांच कर रही है।
बता दें कि पुलिस ने सरकारी चावल की कालाबाजारी करते हुए कोलां वाला टोबा सहकारी सभा के सचिव दर्शन कुमार को रंगे हाथ पकड़ा था। मामले में संलिप्त एक अन्य आरोपी गुरमेल सिंह निवासी गांव जज्जर जिला रोपड पंजाब को भी गिरफ्तार किया गया है।
मौके से कालाबाजारी के लिए लाया गया गया 45 क्विंटल चावल भी बरामद किया था। सोसायटी का आरोपी सचिव पुलिस रिमांड पर हैं। श्री नयनादेवी जी के डीएसपी पूर्ण चंद ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। हर पहलू को ध्यान में रख कर मामले की गहनता से जांच की जा रही है।