-लोकसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस ने शुरू की तैयारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। आगामी चुनावों के मद्देनजर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की ओर से दिसंबर में हमीरपुर और मंडी में राज्य स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी संगठन के प्रदेश सह संयोजक और मंडी जिला प्रभारी हीरापाल ठाकुर ने दी।
बिलासपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने बताया कि चारों लोकसभा क्षेत्र में यह सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने जीत की पूरी तैयारी कर ली है। इन सम्मेलनों में मुख्यमंत्री और पंचायती राज मंत्री विशेष तौर पर मौजूद रहेंगे। साथ ही हर जिले में भी बैठकों का आयोजन भी किया जाएगा। चुनावों के लिए संगठन ने सक्रियता बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि इन सम्मेलनों में संगठन पंचायती राज संगठन प्रदेश सरकार से केरल की तर्ज पर पंचायती राज प्रणाली और स्थानीय निकाय को सशक्त करने की मांग को प्रमुखता से उठाएगा। केरल मॉडल को पूरे देश में ग्रामीण और शहरी विकास का आधार माना जाता है। पंचायती राज संगठन इस विषय को लगातार उठा रहा है। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार के 11 माह के कार्यकाल की सराहना भी की। कहा कि मुख्यमंत्री ने इस कार्यकाल में कई ऐतिहासिक निर्णय लेकर जनता को राहत पहुंचाई है। ओपीएस सहित तीन गारंटियां भी पूरी कर दी हैं। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता पुष्प राज भी मौजूद रहे।