बोले, 14 पंचायतों के सैकड़ों युवा बद्दी, नालागढ़ में करते हैं नौकरीभगेरी, पंजेरा, नालागढ़, बद्दी जाने के लिए वाया बागछाल नहीं है सीधी बस
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहतलाई (बिलासपुर)। कोटधार क्षेत्र से चंडीगढ़, बद्दी और नालागढ़ जैसे प्रमुख स्थलों के लिए बस सेवा शुरू करने की क्षेत्रवासियों ने मांग की है। पंचायत समिति झंडूता के पूर्व सदस्य बलदेव ठाकुर ने बताया कि कोटधार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लगभग 14 पंचायतों के सैकड़ों युवा बद्दी, नालागढ़, कालका, और चंडीगढ़ की फैक्ट्रियों और कंपनियों में काम करते हैं।
उन्होंने कहा कि इन युवाओं को रोजगार के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है क्योंकि वाया बागछाल, भगेरी, पंजेरा, नालागढ़, बद्दी जाने के लिए सीधी बस सेवा नहीं है। हाल ही में बागछाल पुल का उद्घाटन किया गया है। इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी बढ़ी है। अब तक इस क्षेत्र के लिए कोई सीधी बस सेवा शुरू नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि नई बस सेवा शुरू होने से न केवल युवाओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय ग्रामीणों को भी पीजीआई चंडीगढ़, एम्स बिलासपुर जैसे बड़े अस्पतालों तक पहुंचने में आसानी होगी।
उन्होंनेबताया कि कोटधार के कई छात्र बिलासपुर जिला मुख्यालय स्थित कॉलेजों में पढ़ते हैं और किराए पर रहकर अपनी पढ़ाई करते हैं। नई बस सेवा शुरू होने से ये छात्र प्रतिदिन आ-जा सकेंगे, जिससे उनका किराए का खर्च भी बचेगा। लोगों ने मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री से मांग की है कि सुबह 6 बजे के करीब शाहतलाई से चंडीगढ़ वाया कलोल, मरोतन, बागछाल, भगेरी, पंजेरा, नालागढ़ और बद्दी के लिए बस सेवा शुरू की जाए। इससे क्षेत्र के युवाओं, छात्रों और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।