गायक मोहित गर्ग और राखी गौतम के नाम रही बाडू देव भेल मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं की पंचायत कुठेड़ा में दो दिवसीय बाडू देव भेल मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या पहाड़ी गायक मोहित गर्ग और राखी गौतम के नाम रही। मंच संचालक जावेद इकबाल ने अपनी शेरो शायरी से कर लोगों का खूब मनोरंजन किया।
सांस्कृतिक संध्या में सबसे पहले स्थानीय महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूह और स्कूल के बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। हिमाचल की स्टार गायिका राखी गौतम ने पहाड़ी, पंजाबी और हिंदी गीत सुनाकर लोगों को खूब नचाया। उन्होंने रौनक होजु घाट, वे चल मेले नू चलिये, तेरी अंखियों का जो काजल, जीने के हैं चार दिन, सावन में लग गई आग, इनां बड़ियां जो तुड़का लाणा गानों की प्रस्तुति दी।
इसके बाद पहाड़ी गायक मोहित गर्ग ने कुतू ते आया मेरा रुनझुनुआ, रंग रूप तेरा बड़ा प्यारा, मित्रा दा नां चलदा, गुड़ नाल इश्क मिट्ठा, अंखिया दे पटोले, रुठे यार नू मनावा हाथ जोड़ के, इश्क दा गिद्दा पैंदा, चक्की पर दमा लगाई जाणा, बोतल रह गई ठेके, मुंबई से आया मेरा दोस्त, मेरे हिकडुये गड़बड़ हुई बलों, शालू रे क्वाटरे लागी रौनकें गीतों की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर सदर विधायक त्रिलोक जम्वाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मेला कमेटी प्रधान ज्योति प्रकाश और समस्त कमेटी ने उन्हें शॉल, टोपी और स्मृतिचिह्न भेंट कर सम्मानित किया। ज्योति धीमान ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने मेले के इतिहास और विकास के बारे में जानकारी दी। त्रिलोक जम्वाल ने मेले के सफल आयोजन पर बधाई दी। बाडू देव भेल मेला कुठेड़ा 150 साल से अधिक समय से चल रहा है। उन्होंने मेला कमेटी को 21 हजार रुपये की राशि दी। इस अवसर पर जिला पार्षद अध्यक्ष विमला देवी, भाजपा मंडल अध्यक्ष हंसराज, श्री नयनादेवी गो सदन के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर, सतीश सोनी, नरेंद्र ठाकुर, उपप्रधान होशियार सिंह, उमेश, राज कुमार, बम्म पंचायत प्रधान मुनीश शर्मा उपस्थित रहे।