औद्योगिक क्षेत्र के कारण रोज लगती हैं लंबी कतारें, बैंक के कामकाज पर भी असर
जिला प्रबंधक बोले, स्टाफ की पूर्ति के लिए उच्चाधिकारियों को भेजा गया प्रस्ताव
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राज्य सहकारी बैंक मलोखर शाखा में लंबे समय से स्टाफ की कमी है। ऐसे में आम जनता के साथ ट्रक ऑपरेटरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बैंक औद्योगिक क्षेत्र में होने के कारण यहां रोजाना भारी संख्या में लोग और वाहन मालिक अपने लेनदेन के लिए पहुंचते हैं।
जिला परिषद सदस्य प्रेम सिंह ठाकुर ने कहा कि कर्मचारियों की कमी के कारण बैंक में लंबी-लंबी कतारें लग जाती हैं और ग्राहकों को अपने काम करवाने के लिए घंटों इंतज़ार करना पड़ता है। बैंक में लेनदेन का दबाव बहुत ज्यादा है। ट्रक ऑपरेटरों के अलावा इंडस्ट्रियल यूनिट्स और स्थानीय व्यापारी भी इसी बैंक के माध्यम से वित्तीय लेनदेन करते हैं। ऐसे में सीमित स्टाफ के कारण कार्य सुचारू रूप से नहीं हो पा रहा है। यदि जल्द अतिरिक्त कर्मचारी तैनात नहीं किए गए तो लेनदेन की गति और धीमी पड़ जाएगी जिससे आम जनता और व्यापारिक वर्ग दोनों को दिक्कत होगी। इस संबंध में मामला उठाए जाने पर जिला प्रबंधक, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक बिलासपुर ने बताया कि 28 जुलाई 2025 को उन्होंने उच्चाधिकारियों को स्टाफ की कमी के बारे में अवगत करा दिया है। जैसे ही अतिरिक्त स्टाफ उपलब्ध होगा, मलोखर शाखा में इसकी पूर्ति कर दी जाएगी। बताते चलें कि मलोखर क्षेत्र में अधिकतर ट्रक ऑपरेटर और व्यवसायी हैं। जिन्हें हर दिन पैसे के लेनदेन के लिए बैंक का रुख करना पड़ता है। लेकिन इस शाखा में स्टाफ न के बराबर है। जिससे एक तो सुविधाएं समय से नहीं मिलती और दूसरी तरफ पैसे समय पर न निकलने से और काम भी प्रभावित होते हैं।