-पंजगाईं स्कूल में राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का हुआ समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंजगाईं में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय आवासीय शिविर का वीरवार को समापन हो गया। इसकी अध्यक्षता प्रधानाचार्य सुरेंद्र पाल चड्ढा ने की। समारोह में स्वयंसेवियों ने पहाड़ी नाटी, एकल गान, समूह गान, लोकनृत्य सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
शिविर में लड़कियों में सृष्टि, लड़कों शुभम धीमान और गौरव को सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवी चुना गया। शिविर में श्रीश्री ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मुख्यातिथि ने स्वयंसेवकों को स्वर्गीय राष्ट्रपति अब्दुल कलाम और स्वर्गीय रतन टाटा के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन समस्त देशवासियों विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि संसार में एक नाम के लाखों व्यक्ति होते हैं, लेकिन पहचान उनके कार्यों से होती है। उन्होंने खासकर लड़कियों को शिक्षा को अपना हथियार अपनाने पर भी बल दिया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने की भी सलाह दी। विशेष अतिथि मृत्युंजय कुमार सिंह ने सामाजिक समरसता पर विद्यार्थियों की भूमिका के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी समाज में उर्जावान भूमिका निभाते हैं, जो समाज को एक नई सोच और दिशा प्रदान करने में अहम योगदान देते हैं। सभी स्वयंसवियों को मुख्यातिथि और विशिष्ट अतिथि ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस मौके पर एसएमसी के प्रधान सुभाष ठाकुर, रवि गिरी महाराज एनएसएस इकाई प्रभारी संजीव कौशल, संजू सांख्यान, नरेश ठाकुर आदि उपस्थित रहे।