बिलासपुर। जिला खेल अधिकारी श्याम लाल कौंडल ने बताया कि जिला युवा सेवाएं एवं खेल कार्यालय बिलासपुर की ओर से इस वर्ष जिला स्तर पर लंबी व मध्यम दूरी की इनामी दौैड़ प्रतियोगिता का आयोजन कहलूर खेल परिसर लुहणू बिलासपुर में 1 नवंबर को सुबह 9 बजे किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में 13 से 15 वर्ष तक के आयु वर्ग के लड़के व लड़कियों के लिए 3,000 मीटर तथा 16 से 19 वर्ष आयु वर्ग के लड़के व लड़कियों के लिए 5,000 मीटर की दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। बताया कि प्रत्येक वर्ग में जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को 6,000, 5,000 व 4,000 रुपये की राशि का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
कौंडल ने कहा कि हर वर्ग में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेता खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय दौड़ प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। राज्य स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को 15,000,10,000 व 8,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन जिला चंबा में 4 नवंबर को आयोजित किया जाएगा।
खेल अधिकारी ने बताया कि 13 से 15 वर्ष तक की आयु वर्ग के लड़के व लड़कियों का जन्म 1 जनवरी 2005 के उपरांत और 16 से 19 वर्ष आयु वर्ग के लड़के व लड़कियों का जन्म 1 जनवरी 2001 के उपरांत होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक खिलाड़ी को अपने साथ आयु प्रमाण पत्र व स्पोर्ट्स किट साथ लाना अनिवार्य है। वहीं 13 से 15 वर्ष के खिलाड़ियों का आयु प्रमाण पत्र पंचायत की ओर से फॉर्म नंबर 5 पर जारी किया गया हो तथा 15 से 19 वर्ष के खिलाड़ियों को दसवीं का मौलिक मूल प्रमाण पत्र प्रतियोगिता के दौरान प्रस्तुत करना होगा।
उन्होंने बताया कि सभी खिलाड़ी सुबह 9 बजे खेल प्रभारी छात्रावास प्रदीप कालिया, जूनियर एथलेटिक्स प्रशिक्षक राकेश कुमार तथा लिपिक हीरा लाल को रिपोर्ट देंगे।