बिलासपुर। विधायक सुभाष ठाकुर ने कहा कि विद्यार्थी कुशल बुद्धि के धनी होते हैं, यदि उन्हें समय पर उचित मंच मिले तो वह जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। सुभाष ठाकुर रावमापा छात्र के खेल मैदान में आयोजित 62वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 छात्राओं की खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी घर तथा स्कूल से ही संस्कारों को सीखते हैं। उन्होंने अध्यापकों से आह्वान किया कि स्कूल में विद्यार्थियों के साथ सकारात्मक व्यवहार और सकारात्मक विषयों पर चर्चा करें ताकि उनमें नकारात्मक भावना पैदा न हो।
उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में बेटियां हर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज कर रही हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं।
सहायक निदेशक शारीरिक शिक्षा प्रीतम धौलटा ने मुख्यातिथि तथा अन्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि खेल प्रतियोगिता में प्रदेश के 11 जिलों तथा 2 स्पोर्ट्स हॉस्टल की 622 खिलाड़ी छात्राएं भाग ले रहीं हैं। इस खेलकूद प्रतियोगिता में हैंडबाल, बास्केटबाल, हॉकी, बॉक्सिंग, जूडो खेल प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। इस अवसर पर उपनिदेशक उच्च शिक्षा अमर सिंह ठाकुर, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश गर्ग, जिला खेल अधिकारी श्यामलाल कौंडल, प्रधानाचार्य रावमापा कन्या सुरेंद्र चड्डा, उप प्रधानाचार्य रावमापा छात्र कमल शर्मा, सुशील पुंडीर के अतिरिक्त अन्य लोग उपस्थित रहे।