- 18 से 70 वर्ष तक की दसवीं पास महिला होगी आवेदन की पात्र
-प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई एलआईसी बीमा सखी योजना के तहत चलाया अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई एलआईसी बीमा सखी योजना के तहत महिलाओं के लिए विशेष भर्ती अभियान शुरू किया गया है। जिसके तहत महिला अभिकर्ता को तीन वर्ष तक कमीशन के साथ विशेष स्टाइपेंड दिया जाएगा। इसके लिए 18 से 70 वर्ष तक की दसवीं पास महिला आवेदन की पात्र होंगी।
विकास अधिकारी विक्रम परमार व अश्विनी कपूर ने बताया कि एलआईसी बीमा सखी योजना भर्ती अभियान के तहत एलआईसी शाखा कार्यालय बिलासपुर में पहली मार्च को एक दिवसीय भर्ती अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस भर्ती अभियान में जिले की पंचायतों की महिलाओं के लिए रोजगार का अवसर दिया जा रहा है। योजना के तहत बीमा सखी बनने वाली महिलाओं को कमीशन के अलावा तीन साल तक एलआईसी द्वारा स्टाइपेंड भी प्रदान किया जाएगा। जिसमें पहले वर्ष प्रतिमाह 7,000, दूसरे वर्ष 6,000 व तीसरे वर्ष 5,000 दिया जाएगा। जिले में इस योजना के तहत इस विशेष भर्ती शिविर का आयोजन इसलिए किया जा रहा है, ताकि बीमा सखी योजना के तहत इस क्षेत्र की महिलाओं को भी बीमा क्षेत्र में रोजगार और आत्मनिर्भरता का अवसर प्रदान किया है।
यह योजना खासतौर पर ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को लक्ष्य बनाकर बनाई है, ताकि वे एलआईसी के उत्पादों को घर-घर पहुंचाकर समाज में बीमा की महत्ता को बढ़ावा दे सकें। कहा कि बीमा सखी योजना के तहत महिलाएं एलआईसी की एजेंट के रूप में काम करती हैं। उन्हें न केवल बीमा योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाती है, बल्कि उन्हें बिक्री और प्रचार-प्रसार में भी प्रशिक्षित किया जाता है। इस योजना के माध्यम से महिलाओं को अपने समय और अपनी सुविधा के हिसाब से काम करने का अवसर मिलता है। जिससे वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं। एलआईसी शाखा कार्यालय बिलासपुर में अपना रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए अभ्यर्थी दसवीं का प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, तीन फोटो साथ लाएं।