नशा मुक्ति और जरूरतमंद परिवारों की पहचान पर रहेगा फोकस
अधिकारियों, कर्मचारियों को ग्राम सभाओं में अनिवार्य रूप से शामिल होने के हैं आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में 4 मार्च को सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। यह निर्णय जिला स्तरीय जन शिकायत निवारण समिति की बैठक में तकनीकी शिक्षा मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों पर लिया गया है। उपायुक्त बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।
ग्राम सभाओं में पंचायत स्तर पर नशा मुक्ति अभियान को मजबूत करने और उन जरूरतमंद परिवारों की पहचान करने के लिए कहा है जिनके पास अभी तक रहने के लिए मकान या शौचालय की सुविधा नहीं है इसपर फोकस रहेगा। विशेष ग्राम सभा के आयोजन का उद्देश्य ग्राम पंचायत स्तर पर नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी रूप से लागू करना है, जिससे समाज में नशे की लत को खत्म किया जा सके। यह पहल ग्रामीण स्वच्छता को सुनिश्चित करने और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उपायुक्त ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्रीय अधिकारियों और कर्मचारियों को इन ग्राम सभाओं में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दें। इससे सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ स्थानीय जनता तक प्रभावी रूप से पहुंच सकेगा।
ग्राम पंचायतें इस विशेष ग्राम सभा के दौरान सरकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों तक पहुंचाएंगी, जिससे पात्र लाभार्थी विभिन्न योजनाओं का लाभ उठा सकें। इसके तहत प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण योजना, नशा मुक्ति कार्यक्रम, और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे इस विशेष ग्राम सभा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, ताकि नशे के खिलाफ लड़ाई को मजबूत किया जा सके और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।