- दोपहर 11:50 से 2:50 बजे तक होगी परीक्षार
- विद्यार्थियों को प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए दिया जाएगा 5 से 10 मिनट का समय
- एकरूपता लाने के लिए सभी स्कूलों में होंगे एक जैसे प्रश्न पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले के सभी राजकीय स्कूलों में विशेष मूल्यांकन परीक्षाएं 9 दिसंबर को शुरू होंगी। परीक्षाएं 20 दिसंबर तक चलेंगी। शिक्षा विभाग ने परीक्षाओं से संबंधित फाइनल डेट शीट वीरवार को जारी की।
राजकीय स्कूलों में कक्षा 1 से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विशेष मूल्यांकन परीक्षा होंगी। परीक्षाओं के लिए सभी स्कूलों को एक जैसे प्रश्न वितरित किए जाएंगे। सभी विद्यालयों के मुखिया इन प्रश्न पत्रों को संबंधित खंड शिक्षा कार्यालय से 6 दिसंबर को सुबह 11:00 बजे प्राप्त कर सकेंगे। शिक्षा विभाग का मानना है कि सभी स्कूलों एक साथ परीक्षाएं करवा कर और एक जैसा प्रश्न पत्र वितरित करके विद्यार्थियों में सीखने के संचयी विकास की जांच की जा सकेगी। साथ इससे एकरूपता भी आएगी। परीक्षा का समय सुबह 11:50 बजे से दोपहर 2:50 बजे तक रहेगा। परीक्षा शुरू होने से पहले प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए विद्यार्थियों को 5 से 10 मिनट का समय दिया जाएगा। संबंधित विषय के अध्यापक सुबह 9:00 बजे प्रार्थना सभा होने के बाद विद्यार्थियों को विशेष मूल्यांकन परीक्षा के लिए तैयार करेंगे, ताकि विद्यार्थी विशेष मूल्यांकन परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सके। परीक्षाओं के दौरान सुबह 11:15 से 11:40 बजे के बीच भोजन अवकाश रहेगा।
इनसेट
10वीं, 11वीं, 12वीं की डेटशीट
9 दिसंबर को 10वीं कक्षा का विज्ञान विषय, 11वीं और 12वीं का शारीरिक विज्ञान, संगीत, आईपी, योग आदि वैकल्पिक विषयों की परीक्षा होगी। 10 दिसंबर को 10वीं कक्षा कम्प्यूटर साइंस, 11वीं का हिंदी और जीव विज्ञान, 12वीं कक्षा का राजनीतिक विज्ञान और व्यवसाय अध्ययन, 11 दिसंबर को 10वीं कक्षा का अंग्रेजी, 11वीं कक्षा का गणित और 12वीं कक्षा का अंग्रेजी, 12 दिसंबर को 10वीं कक्षा का संस्कृत, पंजाबी, उर्दू, 11वीं कक्षा का राजनितिक विज्ञान और व्यवसाय अध्ययन, 12वीं कक्षा केमिस्ट्री, अर्थशास्त्र, 13 दिसंबर को 10वीं कक्षा का हिंदी, 11वीं का अकाउंटेंसी, फिजिक्स, जियोग्राफी, 12वीं का हिंदी और जीन विज्ञान, 16 दिसंबर को 10वीं कक्षा का सोशल साइंस, 11वीं का इतिहास, 12वीं कक्षा गणित, 17 दिसंबर को 10वीं कक्षा में कला, अर्थशास्त्र, होम साइंस, शारीरिक विज्ञान आदि वैकल्पिक विषय, 11वीं कक्षा का केमिस्ट्री, अर्थशास्त्र, 12वीं कक्षा का इतिहास, 18 दिसंबर को 10वीं कक्षा का गणित, 11वीं और 12वीं कक्षा का समाजशास्त्र, 19 दिसंबर को 11वीं कक्षा का अंग्रेजी, 12वीं कक्षा का अकाउंटेंसी, फिजिक्स, जियोग्राफी, 20 दिसंबर को 11वीं कक्षा का संस्कृत और 12वीं कक्षा का संस्कृत विषय की परीक्षा होगी।
कोट
जिले में एकीकृत तरीके से विशेष मूल्यांकन परीक्षा आयोजित की जा रही है। ताकि विद्यार्थियों के सीखने के स्तर का आकलन किया जा सके। इसके बाद विद्यार्थियों के सीखने के स्तर को बढ़ाने के लिए आगे की प्रगति की रूपरेखा तैयार की जा सके।
जोगिंदर सिंह राव, उप निदेशक, उच्च शिक्षा विभाग बिलासपुर