बिलासपुर (रामपुर )। सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष उज्ज्वल दीदार सिंह साबी ने शुक्रवार को एक वीडियो जारी कर अपनी जान को खतरा बताया है। वीडियो में उन्होंने कहा है कि रामनगर की क्षेत्र पंचायत से सीट से उन्हें राजनीतिक दबाव में प्रशासन ने हरा हुआ घोषित कर दिया है। वह और उनकी पत्नी रविंद्र कौर तीन सीटों पर चुनाव जीते हैं। उनकी पत्नी दो बार ब्लॉक प्रमुख रहीं हैं और इस बार भी वह ब्लॉक प्रमुख पद की प्रबल दावेदार हैं। उज्ज्वल का आरोप है कि उन्हें झूठे मामले में जेल भेज दिया गया, मगर उन्हें जमानत मिल गई। उन्होंने कहा कि प्रमुखी के चुनाव में वह फिर क्षेत्र में भ्रमण करेंगे। ऐसे में उन पर हमला हो सकता है या फिर किसी झूठे मामले में फंसाया जा सकता है। उन्होंने उच्चाधिकारियों से स्वयं और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। संवाद
डॉ. विशेष गुप्ता पर हुए हमले की निंदा
रामपुर। बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डॉ. विशेष गुप्ता पर हुए हमले पर वैश्य समाज रामपुर के जिलाध्यक्ष सुमित अग्रवाल ने कड़ा आक्रोश प्रकट किया। साथ ही हमलावरों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है। इसको लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र भेजा है। पत्र में कहा गया है कि छह मई की शाम छह बजे बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डॉ. विशेष गुप्ता के मुरादाबाद स्थित निवास पर पहुंचकर कुछ हमलावरों ने उनसे अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इस घटना से भय का माहौल व्याप्त है। ऐसे घिनौने कृत्य के लिए वैश्य समाज दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग करता है। इसके साथ ही बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष की सुरक्षा भी बढ़ा जाए। पत्र में जिला संरक्षक राजीव मांगलिक, श्रीष गुप्ता, पीयूष जिंदल, अलका जैन, सोनिया गुप्ता, शोभना गुप्ता, संजय अग्रवाल, मनोज गोयल, गौरव जैन, चन्दन रस्तोगी, सरिता सिंघल, आलोक अग्रवाल आदि के हस्ताक्षर हैं। संवाद