- कल्याण कला मंच की मासिक बैठक आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। कल्याण कला मंच बिलासपुर की नियमित मासिक बैठक उपमंडल झंडूता के कल्लर गांव में हुई। बैठक में कलाकारों और कलमकारों ने भाग लिया। लेखिका शीला सिंह ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों में चंद्रशेखर पंत, सूबेदार बीर सिंह चंदेल और अमरनाथ धीमान शामिल रहे। मंच की अध्यक्षता सुरेंद्र मिन्हास ने की।
मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सबसे पहले लश्करी राम और बीरी सिंह ने मंगल ध्वनि और ललिता कश्यप ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। कल्लर की नुरातू देवी को मंच ने समाजसेवा के क्षेत्र में काले बाबा समाजसेवा पुरस्कार प्रदान किया। काले बाबा की 19वीं पुण्यतिथि पर आयोजित हिंदी कविता प्रतियोगिता में भाग लेने वाली शीला सिंह, सुषमा खजूरिया, सुरेंद्र मिन्हास और कविता सिसोदिया को प्रथम चार स्थानों के लिए सम्मानित किया गया। काले बाबा पर सुशील पुंडीर की ओर लिखा स्मरण पत्र कविता सिसोदिया ने प्रस्तुत किया। कल्याण कला मंच की ओर से प्रस्तावित बाल कविता संग्रह प्रकाशनाधीन पुस्तक के लिए मंच प्रबंधक चंद्रशेखर पंत ने लेखन टिप्स दिए। कार्यक्रम के बीच महिला साहित्यकार संस्था बिलासपुर ने देवली की वयोवृद्ध गायिका चिंता देवी को स्वर कोकिला सम्मान से सुशोभित किया। अध्यक्षीय संबोधन के दौरान सुरेंद्र मिन्हास ने डियारा सेक्टर के श्याम सुंदर का मंच की सदस्यता लेने पर स्वागत किया। कांगड़ा से पधारे अतिथि साहित्यकार कर्म सिंह और आयोजक भगत सिंह ने भी अपने विचार साझा किए। अंत में मंच के संयोजक अमरनाथ धीमान ने उपस्थित सदस्यों, सहयोगियों और आयोजकों का सहयोग देने के लिए धन्यवाद किया। कार्यक्रम का सफल संचालन महासचिव तृप्ता कौर मुसाफिर ने किया।