रविवार को घुमारवीं में जुटेंगे पंचायत प्रतिनिधि
कपाहड़ा पंचायत प्रधान के बिजली कनेक्शन का मामला गरमाया
पुराने मीटर से कनेक्शन बहाल करने की मांग पर अड़े विनय कुमार शर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। कपाहड़ा पंचायत के प्रधान विनय कुमार शर्मा के घर का बिजली कनेक्शन काटने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। उपमंडलीय प्रशासन के निर्देशों के बावजूद कनेक्शन बहाल नहीं हो पाया है। अब स्मार्ट मीटर के विरोध में आंदोलन तेज करने की तैयारी है। रविवार को घुमारवीं में प्रदेशभर के पंचायत प्रतिनिधि बैठक कर आगामी संघर्ष की रणनीति तय करेंगे।
पंचायत प्रधान विनय कुमार शर्मा ने बताया कि बुधवार को उन्होंने अधीक्षण अभियंता, बिजली मंडल बिलासपुर से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा, लेकिन समाधान नहीं निकल पाया। उन्होंने पुराने मीटर से बिजली कनेक्शन बहाल करने की मांग की है, जबकि संबंधित अधिकारी स्मार्ट मीटर लगाने के बाद ही कनेक्शन जोड़ने की बात कह रहे हैं।
उन्होंने बताया कि रविवार को होने वाली बैठक में कपाहड़ा सहित प्रदेश की अन्य पंचायतों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में स्मार्ट मीटर के विरोध को आगे बढ़ाने और पंचायतों व ग्रामीणों की मांगों को सरकार तथा बिजली बोर्ड के समक्ष उठाने की रणनीति बनाई जाएगी।
इससे पहले सोमवार को विनय कुमार शर्मा के नेतृत्व में पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने घुमारवीं स्थित बिजली बोर्ड कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया था। उन्होंने बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कनेक्शन बहाल करने और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की थी।
विनय कुमार शर्मा का आरोप है कि स्मार्ट मीटर का विरोध करने के कारण उनके परिवार के खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि ग्राम सभा की बैठक में स्मार्ट मीटर नहीं लगाने के विरोध में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया था। इसके बाद उनके परिवार को नोटिस जारी करने और बिजली कनेक्शन काटने पर उन्होंने आपत्ति जताई थी।
कोट
नियमानुसार कनेक्शन बहाली के दिए हैं निर्देश
एसडीएम घुमारवीं अभिषेक बरवाल ने बताया कि बिजली बोर्ड को नियमानुसार कनेक्शन बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड ने तकनीकी कारणों से फिलहाल सामान्य कनेक्शन बहाल करने में परेशानी बताई है। इस बारे में उच्च अधिकारियों को भी अवगत करवाया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही मामले का समाधान निकल आएगा।