फरार चल रहे आरोपियों को पकड़ने के लिए की जा रही छापेमारी
पुलिस को चकमा देकर भाग रहे मामले के आरोपी
टैंकर का मालिक अभी तक नहीं पहुंचा थाना
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। टैंकर में गोवंश की तस्करी मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी (विशेष जांच दल) उत्तर प्रदेश पहुंची है। टीम वहां मामले में फरार चल रहे आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापा मार रही है।
मामले में फरार चल रहे दोनों आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग रहे हैं। वहीं, टैंकर का मालिक भी अभी स्वारघाट थाना नहीं पहुंचा है। फरार चल रहे आरोपियों में एक उत्तर प्रदेश का निवासी है। पुलिस को कुछ सूचनाएं मिली हैं, जिनके अनुसार आरोपी उत्तर प्रदेश में हो सकते हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में गोवंश तस्करी से जुड़े बड़े खुलासे हो सकते हैं। पुलिस को यह भी आशंका है कि जिस तरीके से गोवंश की तस्करी की जा रही, उसमें कोई बड़ा गिरोह शामिल हो सकता है। बता दें कि स्वारघाट पुलिस ने वीरवार को मॉडिफाई ऑयल टैंकर को गोवंश के साथ पकड़ा था। टैंकर में मवेशियों को भरने के लिए एक दरवाजा बनाया गया था। साथ ही टैंकर की छत पर पंखे भी लगे हुए मिले हैं, जो हवा के आने के लिए रखे थे। हालांकि उनसे भी पर्याप्त हवा मवेशियों को नहीं आ रही थी, जिससे एक बैल की मौत भी हो गई थी। टैंकर का चालक और एक अन्य व्यक्ति मौके से भागने में कामयाब रहे थे। हालांकि पुलिस ने उनकी पहचान कर रही है। चालक जफर अली जम्मू का रहने वाला है जबकि दूसरा आरोपी उत्तर प्रदेश निवासी असलम है। टैंकर हरियाणा में पंजीकृत है और उसका मालिक भी हरियाणा का है। टैंकर को जिस तरह से मोडिफाई किया गया था, उससे साफ जाहिर हो रहा कि टैंकर को विशेष रूप मवेशियों की तस्करी के लिए ही इस्तेमाल किया जा रहा था। उधर, स्वारघाट थाना प्रभारी रूप लाल कथानिया ने बताया कि मामले की जांच जारी है।