श्री नयना देवी जी में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु। संवाद
2.33 लाख श्रद्धालुओं ने किए माता के दर्शन
नवमी पर 30 हजार श्रद्धालुओं ने नवाया शीश
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी मंदिर में चैत्र नवरात्रों में करीब 2.33 लाख श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। वहीं शुक्रवार को रामनवमी के अवसर पर करीब 30 हजार श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचे। इस दौरान आठ नवरात्र में मंदिर न्यास को करीब 1.14 करोड़ का चढ़ावा प्राप्त हुआ।
श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया और परिवार की सुख समृद्धि के लिए कामना की। रामनवमी के साथ चैत्र नवरात्र भी पूरे हो गए, जिसके चलते मंदिर में अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए देर रात दो बजे खोल दिए। सुबह की आरती के बाद श्रद्धालुओं को दर्शनों के लिए भेजा गया। पूरा दिन मंदिर माता के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की, वहीं मंदिर के प्राचीन हवन कुंड में आहुतियां भी डाल कर अपने घर परिवार के लिए सुख-समृद्धि की कामना की। जिला प्रशासन और मंदिर न्यास ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। श्रद्धालुओं ने भी शांति व्यवस्था बनाए रखी और पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और अन्य प्रदेशों से भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।