विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षकों को मिलेगा आधुनिक तकनीक का ज्ञान
राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान चंडीगढ़ का मिलेगा सहयोग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए राजकीय हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बंदला में 6 से 10 अप्रैल तक इंटरनेट ऑफ थिंग्स और इसके अनुप्रयोग विषय पर पांच दिन के शॉर्ट टर्म कोर्स का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान चंडीगढ़ के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
यह प्रशिक्षण विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश के सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों और पॉलिटेक्निक संस्थानों के संकाय सदस्यों के लिए तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ना और उन्हें भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप सक्षम बनाना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को इंटरनेट ऑफ थिंग्स की मूल अवधारणाओं, स्मार्ट डिवाइस, सेंसर तकनीक और औद्योगिक उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। साथ ही, हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया जाएगा, जिससे वे अपने शिक्षण कार्य में नई तकनीकों को प्रभावी रूप से शामिल कर सकें। संस्थान के निदेशक-सह-प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) उमेश सी राठौर ने कहा कि इंटरनेट ऑफ थिंग्स आज के दौर में तेजी से हर क्षेत्र में बदलाव ला रहा है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाते हैं और शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक ले जाते हैं।