बिलासपुर। सदर थाना के अंतर्गत दो युवकों ने घर जाते एक दुकानदार से मारपीट की और उससे 50 हजार रुपये छीनकर भाग गए। इस संबंध में दुकानदार ने पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। यहां से उन्हें तीन दिन की रिमांड पर भेज दिया है।
इस संबंध में पुनीत कश्यप पुत्र चैतन्य मोहन कश्यप, दुकान नंबर 130/बी कोर्ट रोड़ मेन मार्केट बिलासपुर ने सदर थाना में शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि 29 जनवरी को रात करीब 8 बजे उसकी दुकान के सामने दो लोग बहसबाजी कर रहे थे। उसने उनको कहा कि वह उसकी दुकान के सामने से हट जाएं और कहीं और जाकर बहस करें। इसी बात से दोनों उसके साथ भीड़ गए। दोनों ने उसके साथ मारपीट की। जान से मारने की धमकी देने के बाद उसकी जेब से 50 हजार भी छीन लिए।
उन्होंने कहा कि वो दुकान बंद करने के बाद घर जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान उसके साथ यह घटना घटी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर सदर थाना में केस दर्ज किया।
एएसपी अमित शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सदर थाना में भादंसं की धारा 341, 382, 323, 504, 506, 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दोनों को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया गया। यहां से उन्हें 3 दिन के रिमांड पर भेजा गया है।