राजेंद्र गर्ग घुमारवीं में लोगों की समस्याएं सुनते हुए।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। खाद्य नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले मंत्री राजेंद्र गर्ग ने घुमारवीं में जन समस्याओं को सुना। इस मौके पर लोगों ने समस्याएं रखीं। इनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। कुछ समस्याओं का शीघ्र ही समाधान करने के लिए कहा।
उन्होंने यातायात की समस्या का समाधान करते हुए एचआरटीसी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोरोना काल के दौरान जो रूट बंद हैं, उन्हें तुरंत बहाल करें ताकि लोगों को कठिनाई का सामना न करना पड़े। गर्ग ने कहा कि कि समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निवारण किया जाएगा। सरकार ने लोगों की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और त्वरित सावधान के लिए प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन शुरू की है। उन्होंने बताया कि सके अंतर्गत कोई भी व्यक्ति 1100 नंबर पर फोन कर समस्या दर्ज करवा सकता है। इसका निश्चित अवधि में संबंधित विभाग द्वारा समाधान किया जाना अनिवार्य किया गया है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के अंतर्गत रोजगार के लिए 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को 60 लाख रुपये तक का ऋण और वित्तीय सहायता दी जा रही है। इसमें 40 लाख तक की प्लांट और मशीनरी पर निवेश पर विधवाओं को 35 प्रतिशत, महिलाओं को 30 प्रतिशत और अन्य को 25 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिवा प्रोजेक्ट के तहत जिला बिलासपुर में जो भी पायलट प्रोजेक्ट चल रहे हैं। उसमें लोग काफी उत्साह दिखा रहे हैं।
द्वितीय चरण में जिला के अन्य स्थानों पर भी इसे शुरू किया जा रहा है। इसके लिए स्थान चिह्नित कर लिए हैं। उन्होंने किसानों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया।