बिलासपुर। सोलग-जुरासी पंचायत के तहत गांव टंगार में लखदाता पीर कमेटी की ओर से कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में क्षेत्र के कई नामी पहलवानों ने भाग लेकर दमखम और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। दिनभर चले मुकाबलों का लोगों ने भरपूर आनंद लिया।
रोमांचक मुकाबलों में शिवम बरठीं ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि अजय घागस उपविजेता रहे। मुख्यातिथि राजेश कुमार ने विजेता शिवम बरठीं को गुर्ज के साथ 9,100 रुपये और उपविजेता अजय घागस को 8,100 रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक खेल हमारी सांस्कृतिक विरासत की पहचान हैं। ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में भी अहम भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त एएसआई चंपत राय ने किया। दंगल के सफल आयोजन पर क्षेत्रवासियों और खेल प्रेमियों ने आयोजन समिति की सराहना की।