सेमीफाइनल में 89 रन से दर्ज की जीत
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। अंतर जिला अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत लुहणू क्रिकेट मैदान में चल रहे सेमीफाइनल मुकाबले में शिमला ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। शिमला ने सोलन को 89 रन से हराया।
तीसरे दिन शिमला ने एक विकेट खोकर 40 रन से आगे खेलना शुरू किया। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और शिमला की दूसरी पारी 125 रन पर सिमट गई। शिमला की ओर से नीरव ने 30, अर्नव, सनयाम, अर्नव शर्मा ने 15-15 और अथर्व बेकटा ने 12 रन का योगदान दिया। सोलन की ओर से उदयवीर ने पांच और अभिनव शर्मा ने तीन विकेट हासिल किए। सोलन को जीत के लिए 155 रन का लक्ष्य मिला। शिमला के गेंदबाजों के आगे सोलन के बल्लेबाज अधिक देर नहीं टिक पाए और सोलन की पारी 73 रन पर सिमट गई। सोलन की ओर से समीर ने 16, नमित ने 24 और उदयवीर ने 13 रन का योगदान दिया। वहीं शिमला की ओर से सरवेश और अर्नव शर्मा ने चार-चार विकेट हासिल किए। शिमला अब मंडी ने नादौन में फाइनल मुकाबला खेलेगी जो 12 मई से शुरू होगा।