दुर्गा पूजा के दौरान भजन संध्या में उमड़ी लोगों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
बिलासपुर के धौलरा मंदिर में शारदोत्सव दुर्गा पूजा में मां दुर्गा के चौथे स्वरूप मां कुष्मांडा की विधिवत रूप से पूजा की गई। इस रूप की पूजा आचार्य सुधांशु जी महाराज के सानिध्य में पूरी हुई। वहीं दुर्गा पूजा की तृतीय संध्या पर भारतीय और धार्मिक वेशभूषा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इसमें कनिष्ठ वर्ग में डीएवी चंगर की श्रेयांशी प्रथम, माउंट कैलेवरी स्कूल की परीक्षा गुप्ता द्वितीय और डीएवी चंगर सेक्टर के पुरंजय डोगरा तीसरे स्थान पर रहे। वेशभूषा के वरिष्ठ वर्ग में सरस्वती विद्या मंदिर लखनपुर की स्मृति प्रथम, राजकीय माध्यमिक पाठशाला डियारा के राहुल सूद दूसरे और विजन कान्वेट स्कूल के वंश तृतीय स्थान रहे। इस प्रतियोगिता में 39 प्रतिभागियों ने विभिन्न धार्मिक स्वरूपों को धारण कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के संयोजक रितेश पवार और प्रवीण ने बताया कि 5 अक्तूबर को भारतीय देशभक्ति एकल गान प्रतियोगिता होगी। इसमें कक्षा 12वीं तक के सभी विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। वहीं 6 अक्तूबर को सभी वर्गों की पारंपरिक-सामूहिक लोकगीत प्रतियोगिता होगी। तृतीय नवरात्रे की संध्या पर गायत्री परिवार बिलासपुर दीप माला का आयोजन भी करेगा। इसमें मंदिर क्षेत्र में सैकड़ों दीप जलाकर मां दुर्गा को नमन किया गया।