बरठीं (बिलासपुर)।
जिलेभर में पहली जनवरी तक घने कोहरे वाली ठंड रहेगी और अभी सप्ताह भर बारिश होने की संभावना नहीं है। यह सूचना कृषि विज्ञान केंद्र बरठीं के वैज्ञानिकों ने जारी की है।
कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. सुमन कुमार ने बताया कि 1 जनवरी तक जिला में 11 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और सापेक्ष आर्द्रता 76 से 87 प्रतिशत तक रहेगी, जबकि बादल 60 प्रतिशत से लेकर 100 प्रतिशत तक आसमान में बने रहेंगे। 29 दिसंबर को 94 प्रतिशत बादल छाए रहेंगे और 1 जनवरी को 100 प्रतिशत बादल आंशिक रूप से छाए रहेंगे।
1 जनवरी तक बारिश के आसार नहीं हैं। इसलिए कड़ाके की ठंड और धुंध के साथ घना कोहरा भी पड़ेगा। करीब तीन महीने से बारिश न होने से जिले के गैर सिंचित क्षेत्रों में गेहूं की 30 प्रतिशत फसल खराब हो गई है। कई खेतों में तो आधी फसल ही जमीन के बाहर आई है। सूखे की मार के चलते जमीन के बाहर आई फसल भी पीली पड़ने लगी है।
अंकुरित भी नहीं हो पाया है बीज
जिलेभर में किसानों ने बारिश की आस छोड़ दी है। आने वाले एक सप्ताह तक बारिश न हुई, तो शेष बची फसल भी बरबाद होना तय है। जिले का अधिकतर क्षेत्र गैर सिंचित क्षेत्र हैं। यहां किसान खेती के लिए बारिश पर निर्भर हैं। गेहूं की बिजाई करने के बाद एक महीने के भीतर बारिश जरूरी होती है, लेकिन बुवाई किए एक महीने से ज्यादा बीत चुका है। इसके कारण गेहूं का बीज सही ढंग के अंकुरित नहीं हो पाया है।