कंदरौर इकाई का वार्षिक समारोह, 85 पेंशनरों की भागीदारी
चिकित्सा बिलों और डीए किस्तों पर भी सरकार से कार्रवाई की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन सदर खंड की कंदरौर इकाई का वार्षिक सम्मान समारोह प्रधान बाबूराम धीमान की अध्यक्षता में हुआ, जिसमें जिला प्रधान जगदीश दिनेश मुख्यातिथि रहे।
समारोह का शुभारंभ वंदे मातरम् के गायन से हुआ, जिसके बाद दिवंगत पेंशनरों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इकाई प्रधान बाबूराम धीमान ने अतिथियों व उपस्थित पेंशनरों का स्वागत किया। इस दौरान 70 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके चेतन्या कुमार ठाकुर, कृपा राम शर्मा, तुलसीराम, प्रभु राम, जय सिंह, प्रेम लाल और छोटा राम सहित सात पेंशनरों को कुल्लवी टोपी, मफलर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि व अन्य गणमान्य अतिथियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने पेंशनरों की समस्याओं और एसोसिएशन की गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सरकार से मांग की कि जनवरी 2016 से जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त पेंशनरों के ग्रेच्युटी व लीव एनकैशमेंट के लंबित एरियर का भुगतान शीघ्र किया जाए। साथ ही लंबित चिकित्सा बिलों के निपटान के लिए पर्याप्त बजट और 15 प्रतिशत डीए की किश्तों को जारी करने की मांग भी उठाई गई। सभा के अंत में जिलाध्यक्ष जगदीश दिनेश ने पेंशनरों से एकजुट होकर संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया और समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में कुल 85 पेंशनरों ने भाग लिया। इस मौके पर प्रदेश महासचिव ठाकुर हुकुम सिंह, प्रदेश वरिष्ठ उपप्रधान लेख राम कौंडल, प्रदेश उप प्रधान अश्विनी शर्मा, प्रदेश सलाहकार प्रकाश चंद ठाकुर और संगठन सचिव गोपाल शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।