-चौथे चरण के अंतिम दिन समोह ग्राम केंद्र में बूथ स्तर पर की टिफिन बैठक
-कटवाल बोले, गांवों का तेजी से बदला परिदृश्य पीएम मोदी की नीतियों का परिणाम
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के गांवों की तस्वीर और तकदीर तेजी से बदल रही है। गांव आज केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि विकसित भारत के सक्रिय निर्माता के रूप में उभर रहे हैं। सड़क, रोजगार, बिजली, उद्योग, पानी व खेती में निवेश और स्वच्छ माहौल की उपलब्धता ने ग्रामीण विकास को नई दिशा दी है। केंद्र सरकार के बजट और विकास का रुख गांवों की ओर मोड़ने से यह परिवर्तन संभव हुआ है।
वह बुधवार को आत्मनिर्भर-विकसित भारत संकल्प ग्राम केंद्र पदयात्रा के चौथे चरण के अंतिम दिन समोह ग्राम केंद्र में बूथ स्तर पर आयोजित टिफिन बैठकों को संबोधित कर रहे थे। बैठक की अध्यक्षता झंडूता भाजपा मंडल अध्यक्ष रसम सिंह चंदेल ने की। विधायक ने कहा कि झंडूता विधानसभा क्षेत्र भी विकास की मुख्यधारा से पीछे नहीं रहा है। पिछले आठ वर्षों में केंद्र सरकार और प्रदेश की पूर्व भाजपा सरकार की मदद से क्षेत्र में महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मूर्त रूप मिला है। उन्होंने बताया कि बागछाल पुल सहित कई परियोजनाएं, जिन्हें वर्षों से ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था, पूरा किया गया है। पनौल-समोह-झंडूता-जेजवीं मार्ग को मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड बनाकर उस पर नंद नगरांव पुल का निर्माण भी किया गया है। अकेले समोह पंचायत के लिए विधायक निधि सहित अन्य मदों से लगभग 1.64 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। बैठकों के दौरान विधायक ने लोगों की समस्याएं भी सुनी और मौके पर ही उनके समाधान के निर्देश दिए। बैठक में मंडल उपाध्यक्ष अनिल चंदेल, जिला उपाध्यक्ष शैलजा शर्मा, किसान मोर्चा अध्यक्ष अभिषेक चंदेल, एसटी मोर्चा अध्यक्ष नंदलाल इंदौरिया, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष संजीव कुमार, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुभाष मन्हास, पंचायत प्रधान सीता देवी, पूर्व प्रधान लीला गुलेरिया, बूथ अध्यक्ष इंद्र सिंह, गिरधारी लाल व अमर सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इनसेट
ताशकंद में शानदार प्रदर्शन करने वाले पंकज पटियाल सम्मानित
टिफिन बैठकों से पहले विधायक जीतराम कटवाल ने झंडूता वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के प्रवक्ता (शारीरिक शिक्षा) पंकज पटियाल को एबीसी इंटरनेशनल वॉलीबाल रेफरी बनने पर सम्मानित किया। विधायक ने उन्हें शॉल व टोपी पहनाकर बधाई दी और कहा कि ताशकंद में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करने वाले पंकज अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। कहा कि पंकज पटियाल की उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। छोटी जगह में रहकर बड़े सपने पूरे करने का जज्बा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। विधायक ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।