फोरलेन पर 51 स्टांप साइज स्ट्रिप्स के साथ पकड़ा था शिमला का युवक
पूछताछ और मनी ट्रेल से सामने आया सप्लाई चेन का कनेक्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। फोरलेन पर एलएसडी के साथ पकड़े गए युवक से पूछताछ के बाद बिलासपुर पुलिस ने दूसरे आरोपी को देहरादून से गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में उत्तर प्रदेश के शामली निवासी आदर्श चौधरी की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस अब एलएसडी की आपूर्ति के स्रोत और नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, स्पेशल डिटेक्शन टीम ने फोरलेन पर पट्टा के पास नाकाबंदी और यातायात जांच के दौरान ठियोग निवासी विक्रांत से 0.55 ग्राम एलएसडी बरामद की थी। इसमें 51 स्टांप साइज स्ट्रिप्स शामिल थीं। इस संबंध में सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पहले आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसका रिमांड लेकर पूछताछ की। इस दौरान डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल के आधार पर सप्लाई चेन से जुड़े शामली निवासी आदर्श चौधरी की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसे देहरादून से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि एलएसडी की आपूर्ति के स्रोत, अवैध कारोबार में होने वाले वित्तीय लेन-देन और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस सप्लाई चेन की पिछली कड़ियों का पता लगाकर पूरे नेटवर्क को तोड़ने के प्रयास कर रही है।