एक सप्ताह में अतिक्रमण हटाने के दिए दुकानदारों को निर्देश
प्रशासन सख्त, निर्धारित समय के बाद कार्रवाई के भी दिए संकेत
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। शहर की मुख्य सड़कों पर फैले अतिक्रमण को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। एसडीएम सदर डॉ. राजदीप सिंह ने शहर के विभिन्न हिस्सों में निरीक्षण अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ दुकानदारों ने सड़क किनारे अवैध रूप से दुकानें और सामग्री फैला रखी है, जिससे यातायात में बाधा उत्पन्न हो रही है।
खासतौर पर कबाड़ की दुकानों द्वारा सड़क पर सामान रखने से जाम की स्थिति बनती है और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। एसडीएम ने मौके पर ही संबंधित दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए कि वे एक सप्ताह के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाएं, अन्यथा प्रशासन जबरन कार्रवाई कर जुर्माना भी लगाएगा। कहा कि मुख्य सड़कआम जनता की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए हैं। इन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या रुकावट करना कानूनी अपराध है। उन्होंने दुकानदारों से प्रशासन का सहयोग करते हुए स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील की।
एसडीएम ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि निर्धारित अवधि के बाद दोबारा निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुगम यातायात वाला बनाने के लिए प्रशासन निरंतर अभियान चला रहा है और किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़कों पर अतिक्रमण न केवल जाम लगने बल्कि दुर्घटनाओं का भी प्रमुख कारण है। इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। इस दौरान उनके साथ तहसीलदार सदर बालकृष्ण और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।