लखनपुर में निर्माणाधीन सीवरेज योजना के निरीक्षण के लिए पहुंचे एसडीएम सदर डॉ राजदीप सिंह। स्रोत:
गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
सड़क बहाली में लापरवाही न बरतने की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। शहर में निर्माणाधीन सीवरेज योजना के तहत लोअर लखनपुर क्षेत्र में चल रहे कार्य का बुधवार को एसडीएम राजदीप सिंह ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों व ठेकेदार प्रतिनिधियों से परियोजना की प्रगति, तकनीकी मानकों और तय समयसीमा के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कार्य की गुणवत्ता को सर्वोपरि बताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन की गहराई, ढलान और जोड़ों की मजबूती पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। यह भी निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में खुदाई का कार्य चल रहा है, वहां सड़क निर्माण व मरम्मत का कार्य समानांतर रूप से किया जाए। लंबे समय तक सड़कों को खोदकर छोड़ देने से स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और राहगीरों को परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि शहरवासियों की सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है और निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यस्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। खुदाई वाले स्थानों पर चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और रात्रि में रिफ्लेक्टर अथवा प्रकाश की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सड़कों को पूर्व स्थिति में बहाल करने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। सड़क बहाली कार्य की गुणवत्ता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य। एसडीएम राजदीप सिंह ने विभागीय अधिकारियों को परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग करने और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कर शहर को बेहतर एवं आधुनिक सीवरेज व्यवस्था उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर जल शक्ति विभाग के संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।