- एनपीएस से सेवानिवृत्त दो कर्मचारियों को लाभ मिलना शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ ने एनपीएस के तहत सेवानिवृत्त हुए दो कर्मचारियों को ओपीएस का लाभ मिलने पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर सहित सभी मंत्रियों का आभार जताया है। साथ ही लाभान्वित कर्मचारियों को बधाई दी है।
प्रवक्ता संघ के राज्य कानूनी सलाहकार राकेश भारद्वाज, जिला बिलासपुर के महासचिव डॉ. लक्ष्मीकांत शर्मा और अन्य कार्यकारिणी के सदस्यों ने कहा कि मंडी के चिंतराम और कांगड़ा के सरदारी लाल को ओपीएस का लाभ मिलना शुरू हो गया है। वर्तमान सरकार ने कर्मचारियों के लिए किए गए बड़े वादे के अनुसार एनपीएस के तहत सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को ओपीएस का लाभ देना शुरू कर दिया है। इसके लिए तमाम कर्मचारी बधाई के पात्र हैं। वर्तमान में दो से तीन हजार सेवानिवृत कर्मचारी पुरानी पेंशन के इंतजार में हैं और प्रदेश सरकार के प्रयासों से निसंदेह शीघ्र ही उनको पुरानी पेंशन प्राप्त होगी। प्राकृतिक आपदा के बावजूद सरकार ने विकट परिस्थितियों में बेहतरीन कार्य करते हुए ओपीएस का लाभ देना शुरू कर दिया है। संकट की इस घड़ी में संपूर्ण स्कूल प्रवक्ता परिवार प्रदेश सरकार के साथ खड़ा है। उन्होंने प्रदेश सरकार से प्रधानाचार्य की पदोन्नति सूची शीघ्र जारी करने का आग्रह भी किया है।