बिलासपुर। जिले के पांच शिक्षा खंडों के प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में बहुउद्देश्यीय कार्यकर्ताओं के 337 पद भरे जाएंगे। विभाग ने जिला स्तर पर प्रक्रिया शुरू कर फाइल शिमला भेजी थी। जिले के 337 युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसी माह इन पदों को भरने की अधिसूचना जारी होगी। जिले के करीब 337 स्कूलों में विभाग बहुउद्देश्यीय कार्यकर्ताओं की भर्ती करेगा। इन स्कूलों में लंबे समय से पद खाली चल रहे हैं। विभाग ने इसके लिए प्रक्रिया करीब पांच माह पहले शुरू कर दी है। इन पदों को भरने के लिए जिले के स्कूलों के मुखियाओं से पहले ही प्रस्ताव मांगा गया था। प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक ने प्रस्ताव शिमला उच्च अधिकारियों को भेज दिया था। वहां से पास होकर फाइल वित्त विभाग के पास गई है। वित्त विभाग से फाइल कैबिनेट में जाएगी और इसी माह इन पदों को भरने की अधिसूचना जारी होगी।
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक बिलासपुर सुदर्शन कुमार ने बताया कि विभाग ने इस संबंध में जिला स्तर पर प्रक्रिया पूरी कर उच्चाधिकारियों की मंजूरी के लिए प्रस्ताव शिमला भेजा था। इस प्रस्ताव को विभागीय मंजूरी मिल चुकी है। फाइल वर्तमान में वित्त विभाग के पास है। इसके बाद कैबिनेट में इस पर फैसला लिया जाएगा। कहा कि विभाग को उम्मीद है कि इस माह के अंत तक इन 337 पदों को भरने की अधिसूचना सरकार जारी कर देगी। इससे जिले के 337 बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा और स्कूलों में खाली चल रहे पदों पर भर्ती होने से स्कूलों की समस्याओं का भी समाधान होगा।