केंद्रीय विद्यालय घुमारवीं का भवन असुरक्षित होने के बाद बाल स्कूल में लगनी हैं कक्षाएं
स्कूल प्रबंधन को नहीं मिला लिखित आदेश, कमरों की चाबी देने से किया इन्कार
एडीसी ने दिए हैं छात्र पाठशाला में अस्थायी रूप से कक्षाएं चलाने के आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। एडीसी के आदेशों के छह दिन बाद भी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक बाल पाठशाला में कक्षाएं नहीं लग पाई हैं। केंद्रीय विद्यालय घुमारवीं का भवन असुरक्षित होने के बाद विद्यार्थियों की बाल बाल स्कूल में अस्थायी तौर पर कक्षाएं शुरू होनी हैं, लेकिन स्कूल प्रबंधन का कहना है कि अभी तक लिखित आदेश नहीं मिले हैं। कमरों की चाबियां देने से इन्कार कर दिया। इसके चलते विद्यार्थी घरों में ही मोबाइल से ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे हैं।
एडीसी के आदेश जारी हुए एक सप्ताह होने को है, लेकिन अब तक उन पर अमल नहीं हो पाया है। बारिश के चलते केंद्रीय विद्यालय का भवन असुरक्षित घोषित किया गया था। इसके बाद ऑनलाइन पढ़ाई शुरू की गई। पिछले सप्ताह वीरवार को छात्रों और अभिभावकों ने एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना दिया था। तब एडीसी ओमकांत ठाकुर, एसडीएम गौरव चौधरी और उपनिदेशक शिक्षा रेनू कौशल मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने आठ कमरों की व्यवस्था का भरोसा दिलाया था। अभिभावक मंगलवार को फिर स्कूल पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि छात्र विद्यालय प्रबंधन को अब तक कोई आधिकारिक आदेश नहीं मिले हैं। इसी कारण कमरे सौंपने से इन्कार कर दिया गया। अभिभावकों ने जब दोबारा प्रशासन से संपर्क किया, तो एसडीएम अवकाश पर थे। तहसीलदार ने भी स्पष्ट किया कि मामला एसडीएम स्तर का है। ऑनलाइन पढ़ाई को लेकर अभिभावकों में नाराजगी है। उनका कहना है कि छोटे बच्चे मोबाइल पर न तो ठीक से पढ़ पा रहे हैं, न ही यह उनके लिए स्वास्थ्य की दृष्टि से ठीक है। अभिभावक मांग कर रहे हैं कि जल्द आदेश जारी कर छात्र विद्यालय में कक्षाएं शुरू करवाई जाएं।
कोट
कक्षाएं चलाने के लिए आठ कमरों की व्यवस्था कर दी गई है। कुछ औपचारिकताएं बाकी हैं, जैसे ही शिक्षा विभाग की ओर से पत्र मिलेगा, कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी।
-ओमकांत ठाकुर, एडीसी, बिलासपुर