संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। मुख्यमंत्री आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठेड़ा में मंगलवार को बच्चों ने लोगों को शत-प्रतिशत मतदान के लिए जागरुक किया। बच्चों ने लोगों से 1 जून को मतदान करने की अपील की।
जागरुकता रैली में सभी बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चों ने बैनर और स्लोगन के माध्यम से विद्यालय परिसर से कुठेड़ा बाजार तक लोगों को मतदान के लिए जागरुक किया। बच्चों ने हमें ये समझाना है, सबको वोट दिलाना है, छोड़ो अपने सारे काम पहले चलो करें मतदान, सबका यह अरमान है, करना सबको मतदान है, लोकतंत्र हो तभी महान सब करें जहां मतदान आदि नारों के साथ लोगों को जागरुक किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जगदीप सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए लोकतंत्र में मतदान के महत्व से अवगत कराया और विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वह अपने-अपने गांव में भी लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करें। इस मौके पर प्रवक्ता रविदत्त, सतीश महाजन, नरेंद्र, अजय कुमार, राजेश कुमार और अशोक कुमार मौजूद रहे।