छात्र वर्ग की प्रतियोगिताएं 29 से 31 अगस्त तक, छात्राओं के मुकाबले 11 से 13 सितंबर तक होंगे
सदर, घुमारवीं-1, घुमारवीं-2, झंडूता और स्वारघाट में होंगे मुकाबले
छात्र वर्ग में वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, शतरंज और कुश्ती शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए जिला बिलासपुर में अंडर-14 छात्र एवं छात्रा वर्ग की ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। जिला के सदर, घुमारवीं-1, घुमारवीं-2, झंडूता और स्वारघाट ब्लॉक में ये प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। छात्र वर्ग के मुकाबले 29 से 31 अगस्त तक और छात्रा वर्ग की प्रतियोगिताएं 11 से 13 सितंबर तक होंगी।
उप निदेशक स्कूल शिक्षा (प्रारंभिक) बिलासपुर अरुण गौतम ने बताया कि छात्र वर्ग में वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, शतरंज एवं कुश्ती तथा छात्रा वर्ग में वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन एवं शतरंज की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके लिए विभिन्न ब्लॉकों में खेल स्थलों का चयन कर लिया गया है। सदर ब्लॉक में छात्र वर्ग की प्रतियोगिताएं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बंदला तथा छात्रा वर्ग की प्रतियोगिताएं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रानी कोटला में आयोजित होंगी। घुमारवीं-1 में छात्र वर्ग के मुकाबले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मरहाणा तथा छात्रा वर्ग के मुकाबले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरोटा में होंगे। घुमारवीं-2 में छात्र वर्ग की प्रतियोगिताएं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऋषिकेश और छात्रा वर्ग की प्रतियोगिताएं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पनोह में होंगी। झंडूता ब्लॉक में छात्र वर्ग की प्रतियोगिताएं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घंडीर और छात्रा वर्ग की प्रतियोगिताएं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय समोह में होंगी। स्वारघाट ब्लॉक में छात्र वर्ग के मुकाबले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दबट तथा छात्रा वर्ग के मुकाबले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जकातखाना में आयोजित किए जाएंगे। ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं के माध्यम से अंडर-14 आयु वर्ग के विद्यार्थियों को विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। शिक्षा विभाग की ओर से प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए संबंधित स्कूलों में व्यवस्थाएं की जा रही हैं।